महिला आरक्षण पर बीजेपी सक्रिय, एमपी में जनगणना 2027 की प्रक्रिया शुरू

भोपाल। मध्यप्रदेश में महिला आरक्षण को लेकर भारतीय जनता पार्टी सोशल मीडिया पर सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी ने लगातार पोस्ट कर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में माहौल बनाया है। एक्स पर जारी संदेश में इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को संसद में अधिकार मिलने जा रहा है। पार्टी ने 16 से 18 अप्रैल तक संसद में होने वाली चर्चा को नारी शक्ति के लिए अहम बताया है।
पोस्ट में कहा गया कि दशकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है और 21वीं सदी के महत्वपूर्ण फैसलों में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एक बड़ा कदम है, जिससे आधी आबादी को सशक्त बनाया जाएगा।
इधर, मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का भी शुभारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास से स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण कर इसकी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के भविष्य को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आधार है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में पूरी निष्ठा और सटीक जानकारी के साथ भाग लें। उन्होंने कहा कि सही आंकड़ों के आधार पर बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर सुनिश्चित किए जा सकेंगे।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है। 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का कार्य किया जाएगा, जबकि 1 से 30 मई तक मकान सूचीकरण की प्रक्रिया पूरी होगी।



