पटना: भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत, रोड शो में उमड़ी भीड़

पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे। दिल्ली से आगमन पर एयरपोर्ट से भव्य रोड शो शुरू हुआ। रथ पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी मौजूद रहे।
एयरपोर्ट परिसर में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। फूलों की वर्षा, ढोल-नगाड़ों की गूंज और नारों से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। भीड़ के कारण रथ पांच मिनट तक गेट से आगे नहीं बढ़ सका। सुरक्षा घेरे के बावजूद पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी।
स्वागत को यादगार बनाने के लिए हाथी, ऊंट और घोड़े शामिल किए गए। पारंपरिक परिधान में महिलाओं ने भोजपुरी गीत पर नृत्य किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत द्वार लगाए गए। रोड शो के कारण एयरपोर्ट इलाके में एक किलोमीटर से अधिक जाम लगा। कई यात्री पैदल एयरपोर्ट पहुंचे।
रोड शो करीब छह किलोमीटर लंबा है, जो मिलर हाई स्कूल मैदान में समाप्त होगा। रथ पर नितिन नबीन कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते रहे। उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने भी उत्साह बढ़ाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नितिन नबीन को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में बिहार भाजपा पूरी ताकत लगाएगी। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय से बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाया जाएगा।



