जन्मदिन की सुबह पसरा मातम: कार हादसे में ‘बर्थडे बॉय’ और उसके दोस्त की मौत, परिवारों में कोहराम

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक सड़क दुर्घटना ने जन्मदिन की खुशियों को मातम में बदल दिया। वेदांत पटेल का जन्मदिन मनाने के लिए 6 बच्चों का एक समूह कार से निकला था। वे सभी कार में गाने सुनते हुए और हंसी-मजाक करते हुए जा रहे थे, तभी नेशनल हाइवे-30 पर चालक ने कार से अपना नियंत्रण खो दिया और कार सीधे सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि सभी घायल हो गए, और इलाज के दौरान वेदांत और उसके दोस्त युवराज की मौत हो गई।
हादसा सुबह 4:30 बजे हुआ
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे नेशनल हाईवे-30 पर गोविंदपुर स्थित रामदेव टाइल्स के सामने हुआ। माकड़ी पहुंचने से पहले ही उनकी कार पेड़ से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे नाबालिगों को बाहर निकाला। हादसे में सभी छह नाबालिग गंभीर रूप से घायल हुए। इलाज के दौरान वेदांत और युवराज की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, साथ ही कार चालक के परिजनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। युवराज और वेदांत के परिवार में गहरी शोक की लहर है।


