तखतपुर में युवक का अपहरण कर हत्या, संपत्ति विवाद में संदिग्ध की भूमिका की आशंका

तखतपुर। बरेला नगर पंचायत क्षेत्र में एक युवक के अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से इलाके में दहशत एवं आक्रोश व्याप्त है तथा कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
मृतक की पहचान राजकुमार धुरी (21), पिता बेनीराम, निवासी बरेला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन राजकुमार ट्रैक्टर मालिक के साथ बिलासपुर स्थित पंजाब बैंक गया था। दोपहर करीब 3 बजे बैंक से बाहर निकलते समय 4-5 लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। यह जानकारी ट्रैक्टर मालिक ने बाद में परिजनों को दी।
अपहरण की सूचना पर पिता बेनीराम जरहागांव थाने पहुंचे, लेकिन परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने स्पष्ट जानकारी के अभाव में रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शाम करीब 5 बजे राजकुमार घर के बरामदे में गंभीर हालत में मिला। वह उल्टी कर रहा था एवं दर्द से कराह रहा था। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस सक्रिय हुई तथा जीरो एफआईआर दर्ज कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने बरेला के एक निवासी पर गंभीर आशंका जताई है। आरोप है कि संदिग्ध वर्षों से परिवार के मकान को बेचने का दबाव बना रहा था तथा न बेचने पर धमकियां दे रहा था। संदिग्ध का बेटा, एक महिला एवं कुछ साथी पहले भी मृतक को ढूंढते उसके रिश्तेदारों के घर गए थे।
घटना से क्षेत्र में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज होती तो शायद जान बच जाती। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।



