मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवपुरी के पचावली में बाढ़ प्रभावितों को दी राहत, पहुंचा क्षेत्र का हाल जाना…

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को शिवपुरी जिले के ग्राम पचावली का दौरा किया और हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित स्थानीय परिवारों को मकान क्षति एवं खाद्यान्न सहायता राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री ने ग्रामवासियों की समस्याएं भी ध्यानपूर्वक सुनीं।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, कोलारस विधायक महेन्द्र सिंह यादव, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में पीड़ितों के साथ खड़ी है। चाहे वह जनहानि हो, पशुहानि हो या फसल का नुकसान, प्रभावित परिवारों को राहत राशि सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने प्रभावितों को आश्वस्त करते हुए कहा, “सरकार आपके दुख-दर्द को समझती है और हर संभव सहायता सुनिश्चित करेगी।”
डॉ. यादव ने कहा कि अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति हमारे लिए चुनौती है, लेकिन प्रशासन और जनता के सहयोग से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया है। राहत कार्य जारी हैं और लगातार उनकी समीक्षा की जा रही है। उन्होंने प्रभावितों से कहा कि वे चिंता न करें, सरकार आपकी हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि केंद्र सरकार भी इस विपत्ति में प्रदेश के साथ है। उन्होंने बताया कि इस बार औसत से अधिक वर्षा हुई है, जिसके कारण सिंध नदी उफान पर है और पचावली समेत 32 गांव बाढ़ की चपेट में आए हैं। सिंधिया ने बताया कि ग्वालियर से दो हेलीकॉप्टर राहत कार्य के लिए भेजे गए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वे प्रभावित क्षेत्रों तक नहीं पहुंच सके। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राहत दलों के संयुक्त प्रयासों से लगभग 400 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मक्का और सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान हुआ है, जिसे जल्द मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।