बलरामपुर: अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भड़कीं भाजपा विधायक, कार्रवाई के लिए दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्रशासन और जनप्रतिनिधि के बीच विवाद गहरा गया है। सामरी विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक उधेश्वरी पैंकरा ने राजपुर एसडीएम और तहसीलदार के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विवाद की शुरुआत एक सीसी रोड और नाली निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान हुई। विधायक की उपस्थिति में आयोजित इस सरकारी कार्यक्रम से संबंधित अधिकारी नदारद रहे। अधिकारियों की अनुपस्थिति को अपना और क्षेत्र की जनता का अपमान बताते हुए विधायक ने मौके से ही कलेक्टर राजेंद्र कटारा को फोन किया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर संबंधित अधिकारियों को उनके पद से नहीं हटाया गया, तो वे अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठने को मजबूर होंगी।
विधायक के इस कड़े रुख के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद उनके समर्थकों ने भी राजपुर एसडीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समर्थकों ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे जनप्रतिनिधियों की अनदेखी करार दिया है। विधायक द्वारा अल्टीमेटम दिए जाने के बाद से जिला प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन तय समय सीमा के भीतर क्या कदम उठाता है।




