सुरक्षित मातृत्व की मिसाल: प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से बदली निशा पटेल की जिंदगी
रायपुर, 15 मई 2026। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) गर्भवती महिलाओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। यह योजना न सिर्फ आर्थिक सहायता दे रही है, बल्कि माताओं और नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य को भी सुनिश्चित कर रही है। बीजापुर जिले की निशा पटेल इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई हैं।

बीजापुर परियोजना के अंतर्गत चांदनी चौक आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी निशा पटेल का गर्भावस्था के शुरुआती चरण में ही पंजीयन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज नेताम और सेक्टर पर्यवेक्षक गीता कन्नौजे ने लगातार उनका मार्गदर्शन किया। गर्भावस्था के दौरान पोषण, स्वास्थ्य जांच और संस्थागत प्रसव को लेकर नियमित सलाह दी गई।
निशा को पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाले रेडी टू ईट खाद्य पदार्थों का सही उपयोग सिखाया गया। उनके भोजन में पौष्टिक लड्डू, खीर, दलिया, चीला और हरी सब्जियों को शामिल कराया गया। साथ ही आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां नियमित रूप से लेने के लिए भी जागरूक किया गया।
योजना के तहत निशा पटेल को दो किश्तों में कुल 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली। पहली किश्त 3 हजार रुपये गर्भावस्था के दौरान मिली, जिससे उन्होंने फल, दूध और जरूरी दवाइयां खरीदीं। दूसरी किश्त 2 हजार रुपये बच्चे के जन्म और टीकाकरण के बाद सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की गई।
बेहतर देखभाल और पोषण का ही परिणाम रहा कि 11 अक्टूबर 2025 को निशा ने 3.2 किलोग्राम वजन वाले स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। निशा का कहना है कि योजना से मिली मदद और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग ने उनकी गर्भावस्था को सुरक्षित और आसान बना दिया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस योजना को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए बेहद उपयोगी बताया है। प्रशासन का कहना है कि योजना का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और पोषण की सुविधा पहुंचाना है।



