अमित शाह ने अमर वाटिका में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से की मुलाकात

जगदलपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए एक हजार से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे।

अमर वाटिका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में सुरक्षाबलों का योगदान और बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि माओवाद के समूल उन्मूलन और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया।
केंद्रीय गृहमंत्री ने सुरक्षाबलों के जवानों से भी बातचीत की। उन्होंने जवानों के साहस, समर्पण और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ शहीद जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें सुरक्षाबलों की अहम भूमिका है।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव समेत कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



