राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का बिलासपुर में भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री साय ने किया उद्घाटन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा एवं रचनात्मक क्षमता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का मंगलवार को बहतराई स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन करते हुए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स छत्तीसगढ़ 2026 के शुभंकर ‘मोर वीर’, थीम सॉन्ग एवं खेलो इंडिया टॉर्च का रिमोट बटन दबाकर अनावरण किया।
मुख्यमंत्री साय ने युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उद्घाटन समारोह में अबूझमाड़ क्षेत्र के खिलाड़ियों ने मलखंब की उत्कृष्ट प्रस्तुति दी। महिला कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी एवं एथलेटिक्स खिलाड़ी अमित कुमार ने खेलो इंडिया टॉर्च का अनावरण किया।
युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि युवा ही देश एवं प्रदेश का भविष्य हैं। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास एवं खेल सहित हर क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। यह युवा महोत्सव युवाओं की प्रतिभाओं को पहचान देने का मंच होने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है।
मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि, मलखंब खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की विशेष प्रोत्साहन राशि तथा अमेरिका गॉट टैलेंट में चयनित मलखंब खिलाड़ी अनतई पोटाई के अमेरिका आने-जाने का सम्पूर्ण व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि महोत्सव में प्रदेशभर से 3,000 से अधिक युवा भाग ले रहे हैं, जो 14 सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला एवं कविता लेखन की विजेता प्रतिभाएं वर्ष 2026 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार से अधिक युवाओं की सहभागिता यह प्रमाणित करती है कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होकर शांति, विकास एवं सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जनजातीय क्षेत्रों में खेलों की अपार संभावनाएं हैं तथा सरकार इन क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचानकर आगे बढ़ा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि युवाओं की सृजनशील सोच से ही देश आगे बढ़ता है तथा केंद्र एवं राज्य सरकारें मिलकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।



