सुरक्षित यात्रा के लिए नियमों की जानकारी जरूरी

बिलासपुर। सड़क पर सुरक्षित यातायात के लिए नियमों की जानकारी होना जरूरी है। यातायात नियमों का पालन कर सड़क हादसों को कम किया जा सकता है। विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए। ये बातें जयरामनगर स्थित स्कूल में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए यातायात डीएसपी संजय साहू ने कही।
रोड सेफ्टी सेल की ओर से जयरामनगर स्थित शहीद भगत सिंह शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में यातायात की पाठशाला लगाई गई। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए डीएसपी संजय साहू ने कहा कि शहर हो या गांव लोगों को यातायात के नियमों की जानकारी होनी चाहिए।
अधिकतर सड़क हादसे नियमों का उल्लंघन करने के कारण होते हैं। सुरक्षित यातायात के लिए पुलिस की ओर से विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को भी आगे आकर लोगों को नियमों की जानकारी देकर इसका पालन के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान रोड सेफ्टी सेल के प्रभारी एसआइ उमाशंकर पांडेय ने कहा कि सड़क हादसों में घायलों की मदद कर कई लोगाें की जान बचाई जा सकती है। कई लोग पुलिस कार्रवाई के डर से घायलों की मदद के लिए आगे नहीं आते। उन्होंने विद्यार्थियों को गुड सेमी रिटर्न की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आरक्षक भुवनेश्वर मरावी एवं रोशन खेस ने यातायात संकेतों की जानकारी दी। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई।