नाना पाटेकर का बस्तर से था खास रिश्ता, फिल्म शूटिंग के लिए करीब एक महीने रहे थे यहां…

Nana Patekar Bastar Connection: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद देशभर में उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत में शोक की लहर है। वहीं, बस्तर के कलाकारों और रंगकर्मियों के बीच भी उनकी पुरानी यादें एक बार फिर ताजा हो गई हैं। दरअसल, नाना पाटेकर का बस्तर से वर्षों पुराना जुड़ाव रहा है। वे 1987-88 के दौरान दो बार बस्तर पहुंचे थे।
बताया जाता है कि अपने बस्तर प्रवास के दौरान नाना पाटेकर ने धरमपुर स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में भी वक्त बिताया था। इसके अलावा फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वे करीब एक महीने तक बस्तर में रहे। उस दौर में गंगा प्रोडक्शन की फिल्म ‘आज की महाभारत’ की शूटिंग बस्तर के कई खूबसूरत और चर्चित लोकेशन पर की गई थी।
फिल्म की शूटिंग उड़ीसा बॉर्डर से लगे धनपूंजी, देवड़ा मंदिर, चित्रकूट, तीरथगढ़, नया मुंडा और जगदलपुर शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई थी। इस फिल्म के लिए नाना पाटेकर के साथ सुरेश ओबेरॉय, दीप्ति नवल, भारत भूषण और नीता पुरी समेत कई कलाकार बस्तर पहुंचे थे।

उस समय बस्तर के स्थानीय कलाकारों और थिएटर से जुड़े लोगों को इन बड़े कलाकारों के साथ मुलाकात और काम करने का मौका मिला था। रंगकर्मियों की यादों में नाना पाटेकर की सहजता, मिलनसार व्यवहार और साथी कलाकारों के प्रति उनका अपनापन आज भी दर्ज है।
नाना पाटेकर के निधन की खबर के बाद बस्तर के कलाकारों के बीच उनकी वही पुरानी यादें चर्चा में हैं। करीब चार दशक पहले बस्तर की धरती पर बिताया उनका वक्त और यहां हुई फिल्म की शूटिंग अब स्थानीय कलाकारों के लिए एक ऐसी याद बन चुकी है, जिसे वे हमेशा संजोकर रखेंगे।



