रायपुर में फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की भव्य स्क्रीनिंग, कंगना रनौत के साथ शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। राजधानी रायपुर के जोरा मॉल में आयोजित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की प्री-लॉन्च स्क्रीनिंग सेरेमनी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत, फिल्म निर्देशक मनोज तापड़िया, फिल्म जगत से जुड़े कलाकार, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्क्रीनिंग प्रदेश में आयोजित की जा रही है। उन्होंने माता कौशल्या की जन्मभूमि और भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में कंगना रनौत का आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह फिल्म उन अनसुने और अनदेखे नायकों की कहानी को सामने लाती है, जिनके योगदान को अक्सर उचित पहचान नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे लोगों के कार्यों को सामने लाना बेहद जरूरी है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में मानवता की सेवा की है।
कार्यक्रम में मौजूद स्वास्थ्य विभाग की महिला कर्मचारियों और नर्सिंग स्टाफ का विशेष उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी उपस्थिति फिल्म के मूल संदेश को और अधिक प्रभावशाली बनाती है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और साहस की भावना ही इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया छत्तीसगढ़ की माटी से जुड़े हैं। उन्होंने यहीं जन्म लिया और शिक्षा प्राप्त की। बाद में मुंबई में रहते हुए उन्होंने इस महत्वपूर्ण विषय पर आधारित कहानी को पर्दे पर उतारा।
उन्होंने 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि उस कठिन दौर में अस्पतालों में कार्यरत नर्सों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपने प्राणों की चिंता किए बिना सैकड़ों लोगों की जान बचाई थी। यह फिल्म उन्हीं साहसी और समर्पित लोगों को सम्मान देने का प्रयास है।



