Team India T20 Squad: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में मौका, आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए BCCI ने किया चयन

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। महज 15 साल की उम्र में वैभव को टीम इंडिया में जगह मिली है। इसके साथ ही उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का सपना भी पूरा होने के करीब पहुंच गया है।
पिछले दो वर्षों में घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी पर चयनकर्ताओं की नजर लगातार बनी हुई थी। शानदार बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में अपनी जगह बनाई है। उन्हें एशियन गेम्स के लिए घोषित भारतीय टीम में भी शामिल किया गया है।
IPL 2026 में किया धमाकेदार प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में अपने आक्रामक अंदाज से सभी को प्रभावित किया। आईपीएल 2026 सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 776 रन बनाए और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की।
इस सीजन उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। उन्होंने 237.31 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से रन बनाए। खास बात यह रही कि उन्होंने दुनिया के कई बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी की। जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस जैसे दिग्गज गेंदबाज भी उनके सामने प्रभावी नहीं दिखे।
सबसे कम उम्र में टीम इंडिया में जगह
वैभव सूर्यवंशी अब भारतीय टीम में चयनित होने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। अगर उन्हें आयरलैंड या इंग्लैंड दौरे पर डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड भी बना सकते हैं।
यह रिकॉर्ड फिलहाल क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। वैभव अभी केवल 15 साल के हैं और उनके पास यह रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा अवसर होगा।
श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी
इस दौरे के लिए चयनकर्ताओं ने श्रेयस अय्यर को टीम की कमान सौंपी है। वह सूर्यकुमार यादव की जगह कप्तानी करेंगे। हालांकि टीम में पहले से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे ओपनिंग विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं।
क्रिकेट प्रेमियों को अब इस युवा बल्लेबाज के अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन का इंतजार है। वैभव की एंट्री को भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।



