Jagdalpur Central Jail: 5 दिन में दूसरी मौत, नक्सल मामले में बंद कैदी ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

जगदलपुर। बस्तर जिले की जगदलपुर केंद्रीय जेल एक बार फिर चर्चा में है। बीते पांच दिनों के भीतर जेल में दूसरी मौत का मामला सामने आया है। पहले एक महिला बंदी ने आत्महत्या की थी, वहीं अब नक्सल मामले में बंद एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने जेल प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुंजम के रूप में हुई है। वह बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर गांव का रहने वाला था। रमेश कुंजम नक्सल मामलों में जेल में बंद था। नवंबर 2025 में उसे दंतेवाड़ा जेल से जगदलपुर केंद्रीय जेल स्थानांतरित किया गया था।
बताया जा रहा है कि 4 जून को जेल परिसर के बाथरूम में गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। घटना के बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसका इलाज चल रहा था, लेकिन सोमवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार तड़के केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी द्वारा अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया था। अब महज पांच दिनों के भीतर दूसरी मौत ने जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। कैदी की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं लगातार दो घटनाओं के बाद केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और बंदियों की निगरानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि जेल में लगातार हो रही घटनाओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



