Chhattisgarh Election Results 2026
Chhattisgarh

Chhattisgarh Election Results 2026: निकाय और पंचायत उपचुनाव में BJP का दबदबा, 5 में 3 नगर पंचायत अध्यक्ष सीटों पर जीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 1 जून को हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनावों के नतीजे बुधवार को घोषित किए जा रहे हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की निगरानी में जारी मतगणना के बीच कई महत्वपूर्ण सीटों के परिणाम सामने आ चुके हैं। शुरुआती रुझानों और घोषित परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पांच नगर पंचायत अध्यक्ष पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस ने दो सीटों पर कब्जा जमाया है।

इस बार चुनाव में नवगठित नगर पंचायतों घुमका, बम्हनीडीह, शिवानंदनपुर और पलारी के परिणामों पर खास नजर रही। पहली बार हुए चुनाव को लेकर इन क्षेत्रों में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

कवर्धा जिले की सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 754 मतों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

वहीं राजनांदगांव जिले की घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की फूलमती वर्मा ने 85 वोटों से जीत हासिल की। वार्ड चुनाव में भाजपा को बढ़त मिली, जहां 11 वार्डों में भाजपा, 3 में कांग्रेस और 1 वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा।

जांजगीर-चांपा जिले की बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी रमेश डडसेना ने अध्यक्ष पद जीता। यहां भी वार्ड चुनावों में भाजपा का दबदबा देखने को मिला।

सूरजपुर जिले की शिवानंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा समर्थित रितेश जायसवाल अध्यक्ष चुने गए। हालांकि वार्डों में मुकाबला काफी दिलचस्प रहा। यहां 15 में से 8 वार्ड कांग्रेस और 7 वार्ड भाजपा के खाते में गए।

बालोद जिले की पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वार्ड परिणामों में भी कांग्रेस को बढ़त मिली। एक वार्ड में दोनों उम्मीदवारों को बराबर वोट मिले हैं, जिसके विजेता का फैसला टॉस से किया जाएगा।

उपचुनावों की बात करें तो जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में कांग्रेस के रामकृष्ण तिवारी ने जीत हासिल की। वहीं बिलासपुर नगर निगम के संजय गांधी नगर वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम विजयी रहे। दूसरी ओर जशपुर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 8 और 14 में भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की।

पंचायत चुनाव में भी कई महत्वपूर्ण पदों पर मुकाबला हुआ। 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए मतदान कराया गया था। इन परिणामों ने स्थानीय राजनीति का नया समीकरण तय कर दिया है।

गौरतलब है कि 1 जून को हुए मतदान में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। नगरीय निकाय चुनाव में 84.58 प्रतिशत और पंचायत चुनाव में 78.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरे चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बताया है।

Chaiपुर
Show More

NU Desk

News is at the very core of an informed citizen, it builds awareness about the happenings around and such awareness can be crucial in taking decisions on a normal working day. At NATION UPDATE News, We believe that every news starts with a voice, a voice with concern that wants to discuss or criticise what’s happening around. So before becoming news, it first becomes the voice of masses, that’s what news is at NATION UPDATE News.

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker