Delhi Hotel Fire: आग के वक्त होटल के पास से गुजरा मालिक, मदद करने के बजाय चला गया, पूछताछ में बड़ा खुलासा

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश होटल में लगी भीषण आग के मामले में गिरफ्तार होटल मालिक लवकेश बजाज से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार, आग लगने के दौरान बजाज घटनास्थल के पास मौजूद था, लेकिन उसने लोगों की मदद करने के बजाय वहां से निकल जाना बेहतर समझा।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में लवकेश बजाज ने स्वीकार किया कि आग लगने के समय वह अपनी कार से होटल के पास से गुजरा था। उसने जलती हुई इमारत को देखा, लेकिन रुककर राहत कार्य में हिस्सा नहीं लिया। आरोपी ने बताया कि वह घबरा गया था और डर के कारण मौके से चला गया।
जांच अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद भी बजाज सीधे अपने घर नहीं पहुंचा। वह कई घंटों तक शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमता रहा। इसी बीच होटल में फंसे लोगों को बचाने के लिए दमकल विभाग और राहत दल लगातार अभियान चलाते रहे।
बता दें कि बुधवार को फ्लरिश होटल में लगी भीषण आग ने पूरी पांच मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया था। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ के दौरान बजाज ने यह भी दावा किया कि वह होटल के रोजमर्रा के संचालन की सीधे निगरानी नहीं करता था। उसके अनुसार होटल का मैनेजमेंट, बिलिंग, अकाउंट्स और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियां दूसरे लोगों को सौंपी गई थीं।
होटल मालिक ने जांच टीम को बताया कि होटल में किए गए निर्माण बदलाव और कमरों के विस्तार का सुझाव भी किसी अन्य व्यक्ति ने दिया था। बजाज का कहना है कि उसे बताया गया था कि इस तरह के मॉडिफिकेशन सामान्य हैं और राजधानी के कई होटलों में इसी तरह का काम होता है।



