CBSE Re-Evaluation Portal पर Cyber Attack की कोशिश, 16 हजार से ज्यादा छात्रों ने किया सफल आवेदन

नई दिल्ली। सीबीएसई (CBSE) के कक्षा 12वीं री-इवैल्यूएशन पोर्टल को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। बोर्ड ने 2 जून से Re-Evaluation Portal खोल दिया है, लेकिन पोर्टल शुरू होते ही साइबर हमले की कोशिश भी की गई। हालांकि सीबीएसई ने साफ किया है कि उसका सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित रहा और छात्रों की सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं।

सीबीएसई की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर भारी संख्या में छात्रों के लॉगिन करने के दौरान Cyber Attack की कोशिश की गई। लेकिन बोर्ड का डिजिटल सिस्टम पहले से ऐसे हमलों से निपटने के लिए तैयार था। इसी वजह से पोर्टल बिना किसी बड़ी रुकावट के संचालित होता रहा।
6 जून तक कर सकते हैं आवेदन
बोर्ड ने बताया कि कक्षा 12वीं के छात्र 6 जून तक Re-Evaluation के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परिणाम घोषित होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र अपने अंकों की दोबारा जांच के लिए आवेदन कर रहे हैं।
सीबीएसई के अनुसार 2 जून को दोपहर 3 बजे तक 16 हजार से अधिक छात्रों ने सफलतापूर्वक अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया था। वहीं पोर्टल एक समय में 8 हजार से ज्यादा यूजर्स को सपोर्ट करने में सक्षम रहा।
छात्रों को नहीं हुई कोई परेशानी
बोर्ड का कहना है कि साइबर अटैक की कोशिश के बावजूद छात्रों को आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की बड़ी तकनीकी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। तकनीकी टीम लगातार सिस्टम की निगरानी कर रही है ताकि पोर्टल सुचारू रूप से चलता रहे।
शिक्षा मंत्रालय ने शुरू की जांच
इधर, CBSE के On Screen Marking (OSM) सिस्टम में सामने आई गड़बड़ियों और री-इवैल्यूएशन पोर्टल को लेकर मिली शिकायतों के बाद शिक्षा मंत्रालय ने मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक जांच में तकनीकी खामियों, पोर्टल संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल CBSE ने छात्रों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल का उपयोग करें और किसी भी अफवाह या फर्जी वेबसाइट से सावधान रहें।



