कांग्रेस की बड़ी रणनीति, सिद्धारमैया को दिल्ली बुलाकर OBC चेहरे के तौर पर आगे बढ़ाने की तैयारी
सिद्धारमैया की दिल्ली यात्रा ने देश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस पार्टी अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी में जुटी है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि सिद्धारमैया राज्यसभा जाएं और 2029 लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद सिद्धारमैया से मुलाकात करेंगे। वहीं सोनिया गांधी से भी उनकी अहम बैठक तय मानी जा रही है। पार्टी का मानना है कि सिद्धारमैया पूरे देश में कांग्रेस का सबसे मजबूत OBC चेहरा हैं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर इस्तेमाल करना रणनीतिक रूप से फायदेमंद हो सकता है।
गुरुवार को सिद्धारमैया दिल्ली रवाना हुए थे, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका स्पेशल विमान दिल्ली की बजाय जयपुर में उतरना पड़ा। फ्लाइट में देरी होने के कारण रात की बैठक टाल दी गई। अब राहुल गांधी और सिद्धारमैया के बीच शुक्रवार सुबह आमने-सामने चर्चा होगी।
इस दौरान रणदीप सिंह सुरजेवाला, के.जे. जॉर्ज, बयरती सुरेश, कानूनी सलाहकार पोन्नान्ना, विधान परिषद सदस्य डॉ. यतींद्र और एआईसीसी सचिव अभिषेक दत्त भी मौजूद रहे।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राहुल गांधी पहले भी सिद्धारमैया के साथ लंबी बातचीत कर चुके हैं। उस दौरान उन्हें राज्यसभा सीट और दिल्ली में बड़ी जिम्मेदारी का प्रस्ताव दिया गया था। अब कांग्रेस नेतृत्व एक बार फिर उन्हें मनाने की कोशिश करेगा।
इधर कर्नाटक की राजनीति में भी बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला। गुरुवार को सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि यह फैसला पार्टी हाईकमान के निर्देश के बाद लिया गया। इसके बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कांग्रेस अब OBC वोट बैंक को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। पार्टी को उम्मीद है कि सिद्धारमैया दिल्ली में रहकर संगठन को मजबूती देंगे और पिछड़े वर्गों तक पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे।



