हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल लॉन्च, युवाओं को मिलेगा रोजगार और करियर मार्गदर्शन का एक मंच

‘
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा विकासखंड स्थित ग्राम करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान जिला प्रशासन द्वारा विकसित ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ वेब पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने स्टॉल अवलोकन के दौरान पोर्टल की जानकारी ली और इसकी सराहना करते हुए इसे जिला प्रशासन की अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
‘हम होंगे कामयाब 2.0’ पोर्टल पर युवा अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार या स्वरोजगार से जुड़ सकेंगे। पोर्टल में नियोक्ता, रिक्तियां, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम और विद्यार्थी एक ही मंच पर पंजीकृत होंगे। वर्तमान में इस पोर्टल पर 468 युवा पंजीकृत हैं, जबकि 513 रिक्तियां और 21 ट्रेड उपलब्ध हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, पोर्टल में सीमेंट प्लांट से 75 तथा रोजगार कार्यालय के माध्यम से 286 रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें राज्य के बाहर स्थित संस्थानों की 150 नौकरियां भी शामिल हैं। युवा बिना किसी एजेंट और बिना कागजी प्रक्रिया के सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
इस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को करियर काउंसलिंग, कौशल प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, स्वरोजगार संबंधी मार्गदर्शन और रोजगार संबंधी जानकारी एक क्लिक में मिलेगी। साथ ही साइबर फ्रॉड और फर्जी नौकरी के झांसे से बचाने के लिए शासकीय विभागों और औद्योगिक संस्थानों को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा, डीएफओ गणवीर धम्मशील सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



