सुशासन तिहार 2026: बिजली बिल समाधान योजना से लोगों को मिली राहत, सीएम साय ने हितग्राहियों से की बात

बलौदाबाजार। सुशासन तिहार 2026 के तहत बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया और योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।

शिविर में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 के तहत कई उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत दी गई। योजना का लाभ पाने वाले लोगों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इससे उन्हें आर्थिक सहायता मिली है और लंबे समय से लंबित बिजली बिल की चिंता काफी कम हो गई है।
ग्राम बिटकुली निवासी आशाराम को 11 हजार 625 रुपये की राहत मिली। वहीं बाबूलाल को 14 हजार 922 रुपये, जगदीश को 9 हजार 832 रुपये, बुधयारिन को 8 हजार 467 रुपये और चोवाराम को 13 हजार 325 रुपये की छूट प्रदान की गई।
हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान कहा कि पहले बढ़े हुए बिजली बिल के कारण परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा था। कई बार बिल जमा करने में दिक्कत होती थी। लेकिन बिजली बिल भुगतान समाधान योजना शुरू होने के बाद राहत मिली है। लोगों ने बताया कि अब वे नियमित रूप से बिजली बिल जमा कर पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम लोगों को राहत पहुंचाना और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसी योजनाएं चला रही है, जिनसे समाज के हर वर्ग को सीधा लाभ मिल सके।
शिविर में मौजूद हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया। लोगों का कहना है कि यह योजना खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह जनहित की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचता रहेगा।



