धमतरी में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन: मकई चौक पर उड़ाए नकली नोट, ‘महंगाई डायन’ गाने पर सरकार को घेरा

धमतरी। देश और प्रदेश में पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों और इसकी किल्लत को लेकर अब सियासत गरमाने लगी है। धमतरी जिले में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसके खिलाफ एक बेहद अनोखा और दिलचस्प विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मकई चौक स्थित एक पेट्रोल पंप पर इकट्ठा हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और फिल्मी गाने “महंगाई डायन खाए जात है” पर थिरकते हुए अनोखा विरोध दर्ज कराया। इस पूरे प्रदर्शन की कमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने संभाल रखी थी।

हवा में उड़ाए नकली नोट, राहगीर भी ठिठके
प्रदर्शन के दौरान माहौल तब और दिलचस्प हो गया जब कांग्रेसी नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से हवा में नकली नोट उड़ाए। नोटों को हवा में उड़ाकर वे यह संदेश देना चाह रहे थे कि आज के दौर में ईंधन खरीदना आम आदमी की जेब खाली करने जैसा है। इस अनोखे नजारे को देखने के लिए सड़क से गुजरने वाले राहगीर भी कुछ देर के लिए ठिठक गए। कांग्रेस नेताओं का साफ कहना है कि आसमान छूती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़कर रख दी है।
किसान, व्यापारी और आम जनता सब परेशान
प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर और अन्य नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ पेट्रोल पंपों पर ईंधन की किल्लत (Fuel Shortage) हो रही है। इसकी वजह से सबसे ज्यादा परेशानी हमारे किसान भाइयों, रोजाना गाड़ी चलाने वाले चालकों और छोटे व्यापारियों को हो रही है। किसानों को खेती के काम के लिए डीजल नहीं मिल पा रहा है।
कांग्रेस की दो टूक चेतावनी: “सरकार जनता की तकलीफों को देखकर भी आंखें मूंद कर बैठी है। अगर जल्द ही पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं किए गए और इसकी किल्लत दूर नहीं हुई, तो यह आंदोलन और उग्र होगा।”
मौके पर मुस्तैद रही पुलिस
इस हंगामे और प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम पहले से ही मकई चौक पर मुस्तैद थी। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को पेट्रोल पंप के मुख्य हिस्से से दूर रखा ताकि आम उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि जब तक इस किल्लत और महंगाई का कोई ठोस समाधान नहीं निकलता, उनका यह हल्लाबोल लगातार जारी रहेगा।


