धमतरी का भटगांव बनेगा इनोवेशन हब, छत्तीसगढ़ में बनेगा पहला अत्याधुनिक बकरी ब्रीडिंग और रिसर्च सेंटर

रायपुर, 9 मई 2026 / छत्तीसगढ़ की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के लिए धमतरी जिले के भटगांव में राज्य का पहला “रिसर्च कम इंटीग्रेटेड प्रोडक्शन एडवांसमेंट ब्रीडिंग सेंटर” स्थापित किया जाएगा। कलेक्टर की पहल पर शुरू हो रही यह परियोजना पशुपालन, वैज्ञानिक अनुसंधान और ग्रामीण उद्यमिता का बड़ा केंद्र बनेगी।

वैज्ञानिक तकनीक से बदलेगा बकरी पालन
यह सेंटर पारंपरिक बकरी पालन को आधुनिक और लाभकारी व्यवसाय में बदलने पर फोकस करेगा। यहां कृत्रिम गर्भाधान, पैथोलॉजी जांच और त्वरित रोग निदान के लिए हाईटेक लैब बनाई जाएगी। रिसर्च यूनिट के जरिए उन्नत नस्लों का संरक्षण और प्रजनन किया जाएगा, ताकि पशुपालकों को बेहतर गुणवत्ता के पशु उपलब्ध हो सकें।
युवाओं और महिलाओं को मिलेगा रोजगार
केंद्र में युवाओं और किसानों के लिए ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी। हॉस्टल की व्यवस्था भी रहेगी। पहले चरण में 10 से 12 स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जाएगा। वहीं पशु सखियों को तकनीकी प्रशिक्षण देकर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर रहेगा।
डिजिटल प्लेटफॉर्म और ग्लोबल मॉडल पर काम
परियोजना में ओडिशा की प्रतिष्ठित फर्म माणिकस्तु के विशेषज्ञ तकनीकी सहयोग देंगे। उन्नत नस्लों की खरीद-बिक्री के लिए डिजिटल मार्केटिंग प्लेटफॉर्म भी विकसित किया जाएगा। भविष्य में यहां आधुनिक पशुधन मंडी और उन्नत पशु चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करने की योजना है।



