सरगुजा में पेयजल संकट पर बड़ा एक्शन: 113 हैंडपंप-बोरवेल से मिलेगा स्थायी समाधान

अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के सुदूर और पहाड़ी कोरवा बसाहटों में पेयजल संकट दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। जिले में 113 नए हैंडपंप और बोरवेल की खुदाई की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को पानी के लिए लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी।
यह निर्णय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद लिया गया। उन्होंने पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद कलेक्टर अजीत वसंत ने संबंधित विभागों को एक माह के भीतर सभी कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सर्वे के आधार पर लुण्ड्रा, बतौली, लखनपुर, अम्बिकापुर, सीतापुर, मैनपाट और उदयपुर विकासखंडों में यह काम किया जाएगा।
डीएमएफ मद से स्वीकृत इस योजना को जिला खनिज संस्थान न्यास की बैठक में मंजूरी दी गई, जिसमें पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज समेत अन्य सदस्यों की सहमति शामिल रही।
प्रशासन ने सभी जनपद पंचायतों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल से सैकड़ों गांवों के हजारों लोगों को स्थायी पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद है।



