नगर पालिका बनेगा धमधा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव की घोषणा

रायपुर. लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में दुर्ग जिले के धमधा नगर पंचायत पहुंचे उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने धमधा नगर पंचायत को नगर पालिका में उन्नयन करने की घोषणा की। धमधावासी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। नगर पालिका बनने के बाद शहर को विकास कार्यों के लिए अधिक संसाधन मिलेंगे और विकास की गति तेज होगी। इस घोषणा से धमधा के सुव्यवस्थित विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने धमधा प्रवास के दौरान करीब 7 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 4 करोड़ 60 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण और 2 करोड़ 39 लाख रुपए के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। उन्होंने शहर के विकास के लिए अतिरिक्त 2 करोड़ रुपए देने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में धमधा नगर पंचायत के विकास के लिए 13 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं और प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, ईश्वर साहू और ललित चंद्राकर भी मौजूद रहे। इसके अलावा तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल, उपाध्यक्ष बृजेंद्र दानी, जनपद पंचायत अध्यक्ष लिमन साहू, पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पार्षद भी उपस्थित रहे।



