जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा: मेटाडोर से टकराई कार, नागपुर के युवक की मौत

जांजगीर-चांपा जिले में सोमवार देर रात नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है। तिलई रोड स्थित चिंटू ढाबा के पास एक तेज रफ्तार कार और मेटाडोर के बीच आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार की पिछली सीट पर बैठे युवक गोपाल ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य साथी घायल हो गए।

मृतक गोपाल ठाकुर नागपुर का निवासी था। जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी चार युवक केटरिंग का काम निपटाकर संबलपुर (ओडिशा) से रायपुर लौट रहे थे। घायलों की पहचान महेश तातेवत, धर्मेंद्र कुर्मी और प्रवीण साखरे के रूप में हुई है, जिनका स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और मृतक के परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने मेटाडोर और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।



