असम चुनाव में हार की जिम्मेदारी: कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह अलवर ने दिया इस्तीफा

गुवाहाटी
असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एआईसीसी के असम प्रभारी जितेंद्र सिंह अलवर ने हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर अपने निर्णय की जानकारी दी।

जितेंद्र सिंह ने कहा कि हालिया चुनाव नतीजे बेहद निराशाजनक रहे हैं और वह राज्य के प्रभारी महासचिव के रूप में इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पार्टी की तमाम कोशिशों के बावजूद कांग्रेस असम की जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे असम के लोगों की सेवा करना चाहते थे, लेकिन चुनावी परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। इस इस्तीफे को असम में कांग्रेस के गिरते जनाधार और आंतरिक मंथन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।



