नतीजों के बाद बंगाल में बवाल: आसनसोल में TMC दफ्तरों में आगजनी, बोलपुर में नारेबाजी पर टकराव

पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। आसनसोल के बराबनी इलाके में तृणमूल कांग्रेस के दो पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ के बाद आगजनी की गई, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया है।

जानकारी के मुताबिक, एक दफ्तर आसनसोल सिटी बस स्टैंड के पास और दूसरा गोधुली मोड़ के पास स्थित है। उपद्रवियों ने पहले जमकर तोड़फोड़ की और फिर आग लगा दी। TMC नेताओं ने इन हमलों के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है।
वहीं सालानपुर थाना क्षेत्र के लेफ्ट बैंक इलाके में भी एक अन्य TMC कार्यालय पर हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इधर बोलपुर में काउंटिंग सेंटर के बाहर ‘जय श्री राम’ और ‘जय बंगला’ के नारों को लेकर भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति बन गई। इस दौरान कुर्सियां तोड़ने की घटना भी सामने आई।



