5 राज्यों के नतीजे कल : 8 बजे से काउंटिंग, कई दिग्गजों की किस्मत का फैसला

नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना 4 मई की सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी, इसके बाद ईवीएम के वोट खोले जाएंगे। इन चुनावों के नतीजे कई बड़े दलों और नेताओं के राजनीतिक भविष्य को तय करेंगे।

इस बार मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है, जहां क्षेत्रीय दल अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश में हैं, वहीं भाजपा, कांग्रेस और वाम दल भी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने में जुटे हैं। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस, तमिलनाडु में डीएमके, केरल में वाम मोर्चा, असम में भाजपा और पुडुचेरी में एनडीए की प्रतिष्ठा दांव पर है।
मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है और पहली बार क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र सिस्टम लागू किया गया है। केवल अधिकृत लोगों को ही प्रवेश मिलेगा, मोबाइल फोन पर भी सख्ती रहेगी।
पश्चिम बंगाल में 293 सीटों के लिए 77 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां इस बार रिकॉर्ड 92.47 प्रतिशत मतदान हुआ। फलता सीट पर गड़बड़ी के कारण 21 मई को दोबारा मतदान होगा, इसलिए वहां की मतगणना फिलहाल नहीं होगी।
असम में 126 सीटों के लिए 40 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। यहां 722 उम्मीदवार मैदान में हैं और 85.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। राज्य में प्रमुख नेताओं पर सबकी नजरें टिकी हैं।



