पश्चिम बंगाल मतगणना से पहले हाई अलर्ट, 293 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, 200 कंपनियां तैनात

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले चुनाव आयोग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने बताया कि 293 मतगणना केंद्रों पर 459 हॉल में वोटों की गिनती होगी, जिसमें 129 एकल और 163 दोहरे हॉल शामिल हैं।

मेटियाब्रुज, सप्तग्राम और बिजपुर सीटों पर 10-10 दौर में मतगणना होगी। प्रत्येक हॉल के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं और कुल 539 पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए राज्य पुलिस, सशस्त्र पुलिस और केंद्रीय बलों के साथ तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। किसी भी स्तर का उल्लंघन होने पर सख्त कार्रवाई होगी।
मतगणना के दौरान एजेंटों को परिसर छोड़ने की अनुमति नहीं होगी, बाहर जाने के लिए रिटर्निंग ऑफिसर से अनुमति जरूरी होगी। हर दौर के बाद ही डेटा एंट्री की जाएगी। धारा 163 लागू रहेगी और किसी भी तरह के जमावड़े या विजय जुलूस पर रोक रहेगी।
चुनाव आयोग ने 15 बूथों पर पुनर्मतदान कराने की सिफारिश की है। तीन पीठासीन अधिकारियों और एक बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। बिजली आपूर्ति के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं ताकि गिनती में कोई बाधा न आए।
मतगणना केंद्रों पर CAPF की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं। आयोग ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से कराई जाएगी।



