छत्तीसगढ़ में सड़कों पर बिछी लाशें: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बिलासपुर से मानपुर तक खूनी रफ्तार का कहर

मोहला मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर में नेशनल हाईवे-930 पर एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया है। बालोद जिले के भरदा कला से बस्तर के कांकेर में शादी समारोह में शामिल होने गए 10 लोग उस वक्त गंभीर रूप से घायल हो गए जब उनकी अर्टिगा कार कमानसुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहले मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। गौरतलब है कि इसी हाईवे पर महज एक दिन पहले ही एक मालवाहक वाहन के खाई में गिरने से तीन महिलाओं की जान चली गई थी, जिससे इलाके में भारी तनाव है।
हाईवे बना काल का रास्ता: बदइंतजामी पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिलासपुर में भी महिला की मौत
नेशनल हाईवे-930 पर लगातार हो रहे हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और नवनिर्मित हाईवे की खामियों को दूर न करने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं दूसरी ओर बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में लालखदान ब्रिज के पास एक तेज रफ्तार कार ने सवारी ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। इस जबरदस्त टक्कर में ऑटो सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। बिलासपुर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



