बर्थडे पार्टी में खूनी खेल: गले पर चाकू से वार कर जान लेने की कोशिश, आदतन अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ा

राजनांदगांव के गांधी चौक पर जन्मदिन के जश्न के दौरान हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्रार्थी अनुप यादव अपने दोस्त शोएब खान का बर्थडे मनाने गया था जहां विवाद सुलझाने की कोशिश उसे महंगी पड़ गई। विवाद के दौरान आरोपी राकेश सोनी उर्फ तूफान और राकेश श्रीवास ने जान से मारने की नीयत से अनुप के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। प्रार्थी ने अपना बचाव करने के लिए हाथ आगे किया जिससे चाकू उसके अंगूठे और उंगली के बीच जा धंसा जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार और एक फरार पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घेराबंदी की और आरोपी राकेश श्रीवास को दबोच लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी राकेश सोनी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी जुआ, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है जिसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं मामले का दूसरा मुख्य आरोपी और थाने का सूचीबद्ध गुंडा बदमाश राकेश सोनी फिलहाल फरार है जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
अपराधियों के बीच ही छिड़ी थी जंग जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस वारदात में शामिल दोनों पक्ष पुराने अपराधी हैं। प्रार्थी अनुप यादव के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में मारपीट, आबकारी एक्ट और चाकूबाजी जैसे कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया था। फरार गुंडा बदमाश तूफान को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है ताकि शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे।



