रायपुर में 45 डिग्री वाला टॉर्चर: आज लू के थपेड़े छुड़ाएंगे पसीना, बस्तर को छोड़कर पूरे छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत मैदानी इलाकों में सूरज आग उगल रहा है और हालात बदतर होते जा रहे हैं। लगातार दूसरे दिन रायपुर का पारा 44 डिग्री के पार रहा लेकिन असली चुनौती आज यानी सोमवार को होने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आज राजधानी में भीषण ग्रीष्म लहर चलेगी और पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैदानी सूत्रों का कहना है कि दोपहर के वक्त सड़कें सूनी हो रही हैं और लोग लू से बचने के लिए घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
बिलासपुर और रायपुर में पारा 44 के पार
गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई खास कमी नहीं आई है। बिलासपुर 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा जबकि रायपुर में पारा 44.2 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार को भी लू के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा और जरूरी काम से निकलने वाले लोग चेहरों को ढंककर चलते नजर आए। चौंकाने वाली बात यह है कि इस सीजन में सबसे गर्म रहने वाले राजनांदगांव का तापमान रविवार को जारी नहीं किया गया जबकि वहां पारा पहले ही 45.5 डिग्री तक पहुंच चुका है।
बस्तर में राहत और तीन दिन बाद गिरेगा पारा
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी बस्तर क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं के चलते कुछ राहत मिल सकती है। उत्तर प्रदेश और झारखंड के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। हालांकि रायपुर और दुर्ग जैसे मैदानी संभागों को फिलहाल राहत नहीं मिलेगी। अगले तीन दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा और उसके बाद ही पारे में 3 डिग्री तक की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।



