सिंहदेव की चिट्ठी का बड़ा असर: अब लखनपुर के बीच से नहीं गुजरेंगे भारी वाहन, लेमरू के हाथियों के लिए भी बदला फोरलेन का नक्शा

अंबिकापुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन प्रोजेक्ट में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव की पहल पर केंद्र सरकार ने बड़े बदलावों को हरी झंडी दे दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के इस महत्वपूर्ण खंड पर अब लखनपुर नगर की सुरक्षा के लिए अलग से बाईपास का निर्माण किया जाएगा ताकि शहर के भीतर हादसों का खतरा खत्म हो सके। इस संबंध में सिंहदेव ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर जनहित और वन्यजीवों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया था। सड़क परिवहन विभाग ने डीपीआर तैयार कर रही एजेंसी को निर्देश जारी कर दिए हैं कि लखनपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या सुलझाने के लिए बाईपास को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
हाथियों के गलियारे में बनेगा स्पेशल इको-फ्रेंडली रोड: लेमरू क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए तैनात होंगे आधुनिक बैरिकेड्स
फोरलेन परियोजना का एक बड़ा हिस्सा लेमरू हाथी रिजर्व और घने जंगलों से होकर गुजरता है जिसे लेकर सिंहदेव ने वन्यजीव संरक्षण की चिंता जताई थी। नए संशोधनों के तहत अब भारतमाला परियोजना के तर्ज पर यहां एनिमल बैरिकेडिंग और पर्याप्त संख्या में अंडरपास बनाए जाएंगे ताकि हाथियों और अन्य जानवरों की आवाजाही में कोई बाधा न आए। केंद्र सरकार ने इन सुझावों को स्वीकार करते हुए सलाहकार संस्था को सड़क निर्माण के मानकों में बदलाव करने के सख्त आदेश दिए हैं। इस निर्णय से जहां एक ओर सरगुजा और कोरबा के बीच का सफर तेज होगा वहीं पर्यावरण और वन्यजीवों का अस्तित्व भी सुरक्षित रहेगा। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया है।




