उज्जैन में सिंहस्थ की जमीन पर चला बुलडोजर: नगर निगम ने जमींदोज किए अवैध मकान, भारी पुलिस बल के साए में बड़ी कार्रवाई

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन के सिंहस्थ क्षेत्र में अवैध कब्जेधारियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए मंगलवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उन्हेल चौराहा क्षेत्र में बिना अनुमति के किए जा रहे अवैध निर्माणों को नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। दरअसल प्रशासन ने इस क्षेत्र में पहले ही नोटिस जारी कर दिया था लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुकने पर आज भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पीला पंजा चलाया गया।
20 अवैध निर्माण चिन्हित और 6 हजार वर्गफीट सरकारी जमीन मुक्त
गौरतलब है कि नगर निगम ने सिंहस्थ क्षेत्र में करीब 20 अवैध मकानों को चिन्हित किया है जिनमें से आज शुरुआत में 6 निर्माणाधीन ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। भवन अधिकारी राजकुमार राठौर ने बताया कि यह कार्रवाई निगम आयुक्त के सख्त निर्देश पर की जा रही है क्योंकि करीब 6 हजार वर्गफीट क्षेत्र में अवैध तरीके से घरेलू ढांचे खड़े किए जा रहे थे। मैदानी सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान मौके पर तनाव की स्थिति को देखते हुए रिमूवल गैंग के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सिंहस्थ क्षेत्र की सुरक्षित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में बाकी बचे अवैध स्ट्रक्चर्स पर भी बुलडोजर चलना तय है।



