छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी जारी, अगले दो दिन हीटवेव का अलर्ट, 44 डिग्री तक पहुंचा पारा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है और अगले दो दिनों तक राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 21 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में तेज गर्मी और रात में हल्की राहत का ट्रेंड बना हुआ है।
प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई है। विभाग के अनुसार कोई सक्रिय सिस्टम नहीं होने से अगले दो दिन तक यही स्थिति बनी रहेगी।
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है, जिससे दिन में लू जैसे हालात बने रहेंगे। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।



