मुख्यमंत्री ने किया मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया महाअभियान का आगाज

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर के रणजीता स्टेडियम से मोर गांव, मोर पानी, मोर तरिया महाअभियान का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक पहल के तहत प्रदेश में 500 नए तालाबों के निर्माण का शिलान्यास किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करना है।
इस महाअभियान के अंतर्गत मनरेगा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। निर्धारित लक्ष्य से अधिक तेजी दिखाते हुए प्रदेश में अब तक 13,000 से ज्यादा डबरियों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इन डबरियों के जरिए ग्रामीण मत्स्य पालन, सब्जी उत्पादन और कुक्कुट पालन जैसी गतिविधियों से अपनी आय बढ़ा सकेंगे।
योजना में महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया है। आजीविका डबरी से जुड़े कार्यों में स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है और हितग्राही परिवार की महिला सदस्य को विशेष पहचान दी जा रही है। उन्नत तकनीक और ग्राम सभाओं के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता बरती जा रही है ताकि यह अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले सके।




