जशपुर में इसरो की मोबाइल प्रदर्शनी: स्पेस ऑन व्हील्स ने जगाई बच्चों में वैज्ञानिक जिज्ञासा

जशपुर। अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीक को ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाने के लिए जशपुर के रणजीता स्टेडियम में स्पेस ऑन व्हील्स कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस विशेष मोबाइल प्रदर्शनी बस का अवलोकन किया और इसरो के रॉकेट, उपग्रह व विभिन्न अंतरिक्ष मिशनों के मॉडलों की जानकारी ली।
प्रदर्शनी के दौरान स्कूली छात्राओं ने मुख्यमंत्री को चंद्रयान और मंगलयान की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया। बच्चों के आत्मविश्वास और वैज्ञानिक समझ से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने 17 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और उन्हें द मैजिक ऑफ नाइट स्काई पुस्तिका भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी पहल दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों में नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए जरूरी है। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।




