सिंघीतराई वेदांता पावर प्लांट हादसा: राज्य सरकार ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सक्ती जिले के डभरा तहसील स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई भीषण दुर्घटना की जांच के लिए औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं। बिलासपुर संभाग आयुक्त सुनील जैन को इस मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें 30 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपनी होगी।
जांच के मुख्य बिंदुओं में घटना के सटीक समय, कारणों और परिस्थितियों का विश्लेषण शामिल है। साथ ही जांच अधिकारी को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर भी सुझाव देने के निर्देश दिए गए हैं। ज्ञात हो कि 14 अप्रैल को प्लांट की बॉयलर यूनिट-1 में तकनीकी खराबी के चलते हुए इस हादसे में 20 श्रमिकों की जान चली गई थी और 15 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए और सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




