सम्राट चौधरी ने ली बिहार के 24वें मुख्यमंत्री पद की शपथ, भाजपा से पहले सीएम बन रचा इतिहास

पटना। बिहार की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने बुधवार 15 अप्रैल को लोकभवन में बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। इस शपथ ग्रहण के साथ ही सम्राट चौधरी के नाम कई महत्वपूर्ण राजनीतिक रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं। वे बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बने हैं।
डिप्टी सीएम से सीएम बनने का 59 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
सम्राट चौधरी उन चुनिंदा नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं जो उपमुख्यमंत्री पद से सीधे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं। बिहार के इतिहास में करीब 59 साल बाद ऐसा मौका आया है। उनसे पहले जननायक कर्पूरी ठाकुर साल 1967 में डिप्टी सीएम रहे थे और बाद में 1977 में उन्होंने मुख्यमंत्री का पद संभाला था। सम्राट चौधरी का यह सफर प्रदेश की राजनीति में उनके बढ़ते कद को दर्शाता है।
जदयू से पहली बार बने दो उपमुख्यमंत्री
इस नए राजनीतिक घटनाक्रम में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के खाते से भी इतिहास रचा गया है। पहली बार जदयू के किसी नेता ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली है। शपथ ग्रहण से पूर्व विजय कुमार चौधरी ने इस नई जिम्मेदारी के लिए नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करेंगे।
नीतीश कुमार के कार्यकाल में रहे सबसे अधिक डिप्टी सीएम
बिहार की सत्ता में पिछले दो दशकों से सक्रिय नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश ने सबसे अधिक उपमुख्यमंत्री देखे हैं। उनके कार्यकाल के दौरान सुशील मोदी, तेजस्वी यादव, रेणु देवी, तारकिशोर प्रसाद, सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा जैसे नेताओं ने डिप्टी सीएम के रूप में कार्य किया। इसमें सुशील मोदी का कार्यकाल सबसे लंबा रहा। अब सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने से सत्ता का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है।



