बस्तर में जनगणना प्रशिक्षण के दौरान अनुशासनहीनता, शराब पीकर पहुंचे प्रधान अध्यापक निलंबित

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी जनगणना कार्यों के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। इसी दौरान बस्तर जिले में प्रशिक्षण स्थल पर शराब पीकर पहुंचने और दुर्व्यवहार करने के आरोप में एक प्रधान अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह अनुशासनात्मक कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल द्वारा की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बकावंड विकासखंड में जनगणना प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में प्राथमिक शाला आंवराभाटा में पदस्थ प्रधान अध्यापक टीकम कश्यप शराब के नशे में पहुंचे थे। उपस्थित अधिकारियों का आरोप है कि प्रशिक्षण के दौरान उक्त शिक्षक ने अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
मामले की सूचना मिलने पर कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला शिक्षा अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टीकम कश्यप को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, दरभा में संबद्ध किया गया है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों में इस तरह की लापरवाही और अनुशासनहीनता कतई स्वीकार नहीं की जाएगी।


