बालोद के जिला सहकारी बैंक में लगी भीषण आग, दस्तावेज और कंप्यूटर जलकर खाक

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आज सुबह एक जिला सहकारी बैंक में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में बैंक के कंप्यूटर सिस्टम, कैश काउंटर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बैंक में रखा कैश पूरी तरह सुरक्षित बचा लिया गया। यह घटना गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम ओटेबंद स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग की शाखा में हुई।
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
बताया जा रहा है कि बैंक की छत पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था, जिसकी वजह से बिजली की लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग की लपटें देख स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उसे बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
पुलिस कर रही जांच
गुंडरदेही पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को ही मुख्य कारण माना जा रहा है। बैंक प्रबंधन और पुलिस की टीम अब इस आगजनी से हुए कुल नुकसान का आकलन करने में जुटी है। फिलहाल बैंक परिसर में सुरक्षा और मरम्मत का कार्य किया जा रहा है।



