सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण

पटना। बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी का नाम तय हो गया है। वे 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके साथ दो उपमुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री के तौर पर निशांत कुमार और विजय चौधरी के नाम लगभग तय माने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर राज्यपाल के सचिव ने सम्राट चौधरी से मुलाकात कर कार्यक्रम और आमंत्रित अतिथियों पर चर्चा की। इस दौरान संभावित मंत्रिमंडल को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद मुख्यमंत्री पद खाली हुआ था। इसके बाद नए मुख्यमंत्री को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी, जिस पर अब सम्राट चौधरी के नाम पर सहमति बन गई है।
सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को हुआ था। उनके पिता शकुनी चौधरी राज्य के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे। सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की थी और बाद में अन्य दलों के साथ भी काम किया।
सम्राट चौधरी बिहार के 24वें मुख्यमंत्री होंगे। वे उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो पहले उपमुख्यमंत्री रहे और अब मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। इससे पहले यह उपलब्धि केवल कर्पूरी ठाकुर के नाम दर्ज थी।



