13 साल से फरार नक्सली मुन्ना कोरवा झारखंड से गिरफ्तार

बलरामपुर। 13 साल से फरार चल रहे नक्सली मुन्ना कोरवा को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बंधक बनाकर मारपीट करने और हत्या की नीयत से गोली चलाने का आरोप है। वह वर्ष 2012 से फरार था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।
पुलिस के अनुसार, घटना में लातेहार निवासी लखू यादव को ग्राम पुन्दाग में नक्सलियों ने बंधक बनाया था और उसके साथ मारपीट की थी। नक्सली दस्ता के सदस्य इकबाल यादव के निर्देश पर उसे जान से मारने के इरादे से गोली भी चलाई गई, लेकिन वह किसी तरह बचकर भाग निकला।
इस मामले में सामरीपाठ थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपियों के खिलाफ बलवा, डकैती, अपहरण और हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिनके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी किया गया था।
हाल ही में मुखबिर से सूचना मिली कि मुन्ना कोरवा झारखंड के तेहड़ी क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर वहां दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गिरफ्तारी के बाद उसे बलरामपुर लाया गया, जहां से कोर्ट में पेश किया गया।



