खारंग नदी में ट्रैक्टर हादसे के बाद प्रशासन सख्त, अवैध रेत उत्खनन पर वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज

बिलासपुर। जिले के खारंग नदी क्षेत्र में हुई ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने की दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर वाहन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साथ ही पूरे क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
हादसे की जांच में हुए खुलासे
खनिज विभाग की टीम ने ग्राम गढ़वट में सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि 8 और 9 अप्रैल की मध्य रात्रि को दो युवक ट्रैक्टर लेकर नदी क्षेत्र में गए थे, जहां वाहन पलटने से एक युवक की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक रेत उत्खनन के उद्देश्य से नदी की ओर गए थे। मौके पर अवैध खनन के सीधे साक्ष्य तो नहीं मिले, लेकिन ट्रैक्टर के आने-जाने के निशान और कच्चे रास्ते पाए गए हैं।
वाहन मालिक पर कानूनी कार्रवाई
प्राथमिक जांच में दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ग्राम गढ़वट निवासी तोषण कुमार कश्यप का पाया गया है। इस आधार पर पुलिस थाना रतनपुर में वाहन मालिक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी और अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अवैध खनन पर विभाग की नजर
खनिज विभाग के अनुसार गढ़वट और आसपास के क्षेत्रों में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले वित्तीय वर्ष में इस इलाके में कुल 47 मामले दर्ज कर करीब 7 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया था। वहीं चालू वर्ष 2025-26 में अब तक 22 मामलों में 3 लाख रुपये से अधिक की कार्रवाई की जा चुकी है।
प्रशासन की चेतावनी
जिला प्रशासन ने अवैध खनन को लेकर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है। पंचायत स्तर पर भी ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है और रेत माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



