मुख्यमंत्री की नई सवारी: पुरानी गाड़ियां बीच रास्ते में हो रही थीं बंद, अब साय के काफिले में शामिल हुई 6 बुलेटप्रूफ स्कार्पियो

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को जब भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुँचे, तो वहाँ मौजूद कार्यकर्ता और नेता उन्हें देख हैरान रह गए। दरअसल, मुख्यमंत्री अपनी पुरानी टोयोटा फॉर्च्यूनर को छोड़कर ‘नई नवेली’ सफेद स्कार्पियो से उतरे थे। ढाई साल से मुख्यमंत्री के काफिले में चली आ रही गाड़ियों के अचानक बदल जाने से वहाँ काफी उत्सुकता देखी गई।
क्यों बदली गईं गाड़ियाँ?
गाड़ियों में हुए इस बदलाव पर जब मीडिया और नेताओं ने सवाल किया, तो मुख्यमंत्री साय ने मुस्कुराते हुए इसकी वजह बताई। उन्होंने कहा, “काफिले की गाड़ियाँ पुरानी हो गई थीं, इसलिए इन्हें बदलने की कोशिश चल रही थी। पुरानी गाड़ियाँ कभी-कभी चलते-चलते बीच रास्ते में ही बंद हो जाती थीं, सुरक्षा के लिहाज से यह सही नहीं था। इसीलिए आज से नई गाड़ियों का इस्तेमाल शुरू किया गया है।”
6 नई गाड़ियाँ हुईं शामिल
मुख्यमंत्री साय अब तक पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल के दौरान खरीदी गई फॉर्च्यूनर गाड़ियों का ही इस्तेमाल कर रहे थे। अब सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए काफिले में एक साथ 6 नई स्कार्पियो गाड़ियाँ शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री खुद हाई-टेक ‘बुलेटप्रूफ’ स्कार्पियो में सफर करेंगे।
असर: सुरक्षा और प्रोटोकॉल
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में गाड़ियों का अचानक बंद होना एक बड़ा ‘सेंध’ माना जाता है। नई गाड़ियों के आने से अब मुख्यमंत्री का सफर न केवल सुरक्षित होगा, बल्कि तकनीकी खराबी के कारण प्रोटोकॉल टूटने का डर भी खत्म हो जाएगा। भाजपा कार्यालय में इस बदलाव की काफी चर्चा रही और कार्यकर्ता नई गाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाते नजर आए।



