कवर्धा में एफसीआई अधिकारी बनकर व्यापारी से लूट, पिस्टल की नोक पर वसूले 50 हजार रुपये, आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में खुद को फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एफसीआई) का वरिष्ठ अधिकारी बताकर एक किराना व्यापारी से जबरन वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने व्यापारी पर चोरी का चावल खरीदने का झूठा आरोप लगाया और जेल भेजने की धमकी देकर पिस्टल की नोक पर 50 हजार रुपये ऐंठ लिए। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम छिरहा की है।
मामले के अनुसार, 8 अप्रैल की रात आरोपी सचिन चड्ढा पीड़ित पीतांबर गुप्ता की किराना दुकान पर पहुंचा। उसने खुद को सरकारी अधिकारी बताते हुए व्यापारी को डराया और लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर 60 हजार रुपये की मांग की। डर के मारे पीड़ित ने आरोपी को 50 हजार रुपये दे दिए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को रायपुर से हिरासत में लिया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सचिन चड्ढा पूर्व सैनिक है और वर्तमान में रायपुर की एक निजी सुरक्षा कंपनी में कार्यरत है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ग्रैंड विटारा कार, एक 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, दो मैग्जीन, 11 जिंदा कारतूस और वसूली गई रकम बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



