: छत्तीसगढ़ के स्कूलों में शुरू होगा एआई सक्षम शिक्षा अभियान, गूगल और रायपुर जिला प्रशासन के बीच हुआ करार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन और गूगल इंडिया के पब्लिक पॉलिसी प्रमुख राकेश रंजन ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवाचारों को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई।
एआई सक्षम शिक्षा अभियान की शुरुआत मुलाकात के दौरान गूगल फॉर एजुकेशन इंडिया के प्रमुख संजय जैन ने रायपुर जिला प्रशासन और गूगल के मध्य हुए लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि रायपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में एआई सक्षम शिक्षा अभियान प्रारंभ किया गया है। इसके माध्यम से स्कूली शिक्षा में एआई आधारित नवीन पद्धतियों को शामिल किया जाएगा। प्रथम चरण में रायपुर से शुरू होने वाले इस अभियान को भविष्य में पूरे राज्य में विस्तारित करने की योजना है।
शिक्षकों को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण सक्षम शिक्षक अभियान के अंतर्गत राज्य के शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल टूल्स और एआई आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का लक्ष्य प्रदेश के 2 लाख से अधिक शिक्षकों को एआई प्रमाणन प्रदान करना है। इसके लिए गूगल फॉर एजुकेशन अपना डिजिटल प्लेटफॉर्म निःशुल्क उपलब्ध कराएगा। शुरुआती चरण में 200 शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जहां उन्हें गूगल फॉर एजुकेशन टूल्स का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा ताकि वे विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों को और बेहतर बना सकें।
वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनेंगे विद्यार्थी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को तकनीक-सक्षम और नवाचार आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को शिक्षा से जोड़ना प्रदेश के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। इससे न केवल शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि छात्रों में नए युग के कौशल भी विकसित होंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और डिजिटल इंडिया के दृष्टिकोण के अनुरूप है। शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों से सशक्त कर कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। राज्य सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को एक ऐसे ज्ञान-आधारित और तकनीकी रूप से सशक्त प्रदेश के रूप में स्थापित करना है, जहां हर विद्यार्थी को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर मिलें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश बंसल, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


