शहीद आकाश राव गिरपूंजे की पत्नी स्नेहा को डीएसपी पद पर अनुकंपा नियुक्ति, बोलीं—पति के अधूरे सपनों को करूंगी पूरा

रायपुर। राज्य सरकार ने शहीद आकाश राव गिरपूंजे की पत्नी श्रीमती स्नेहा गिरपूंजे को अनुकंपा के आधार पर डीएसपी पद पर नियुक्त किया है। स्नेहा अब अपने पति के अधूरे कार्यों को पूरा करते हुए खाकी वर्दी में प्रदेश की सेवा करेंगी।
इस अवसर पर भावुक होते हुए स्नेहा गिरपूंजे ने कहा कि उन्हें देश और प्रदेश की सेवा का अवसर देने के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति वे हृदय से आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने इसे अपने जीवन की बड़ी उपलब्धि और गर्व का क्षण बताया।
स्नेहा ने कहा कि उनके पति आकाश राव गिरपूंजे का जीवन लक्ष्य देश और राज्य की सेवा करना था। माटी की सेवा ही उनका मूल धर्म और कर्म था। अब उन्हें भी वही अवसर मिला है और वे इस दायित्व को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का हर संभव प्रयास करेंगी।
उन्होंने आगे कहा कि अब तक वे घर की जिम्मेदारियां निभा रही थीं, लेकिन अब घर के साथ-साथ राज्य की सेवा में भी अपना शत-प्रतिशत योगदान देंगी। प्रदेश सरकार द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए उन्होंने पुनः आभार व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि वे उम्मीदों पर खरी उतरने का पूरा प्रयास करेंगी। स्नेहा गिरपूंजे ने ये बातें भारी मन और अश्रुपूर्ण नेत्रों के साथ व्यक्त कीं।



