मुख्य सचिव ने सभी विभागों को मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आई-गॉट प्लेटफॉर्म से जुड़ने के निर्देश दिए

रायपुर: मुख्य सचिव विकासशील ने राज्य शासन के सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों को मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत आई-गॉट ट्रेनिंग कार्यक्रम से अनिवार्य रूप से ऑन-बोर्ड होने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूर्ण करें ताकि अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी आवश्यकता और विभागीय कौशल विकास के अनुसार प्रशिक्षित किया जा सके। मुख्य सचिव ने कर्मचारियों को अपने मोबाइल के माध्यम से भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ने के लिए कहा है।
आई-गॉट प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित साधना सप्ताह के अवसर पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य सचिव ने विभाग प्रमुखों को अपनी आवश्यकतानुसार कोर्स तय करने का सुझाव दिया। इस कार्यशाला में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव और अनुभाग अधिकारियों सहित जिलों के प्रमुख अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म आई-गॉट और ई-एचआरएमएस के जरिए सरकारी सेवकों की क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यशाला के दौरान मुख्य सचिव ने बताया कि आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग बढ़ रहा है, जो कर्मचारियों को स्मार्ट और प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करने में सहायक होगा। उन्होंने शत-प्रतिशत ऑन-बोर्डिंग सुनिश्चित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने पर जोर दिया। अधिकारियों को अवगत कराया गया कि यह प्रशिक्षण न केवल कौशल विकास का माध्यम है, बल्कि इससे कर्मचारियों में विभागीय योजनाओं और कार्यप्रणाली के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।




