छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना का विस्तार, 15 फोरलेन मार्गों के लिए 708 करोड़ रुपये मंजूर

रायपुर: प्रदेश की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने राज्य में 15 नई फोरलेन सड़कों के निर्माण के लिए 708 करोड़ 21 लाख 35 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत इस राशि से विभिन्न जिलों में कुल 90.5 किलोमीटर लंबी सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इन सड़कों के बनने से न केवल जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी, बल्कि यात्रा के समय में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी विवरण के अनुसार, दुर्ग जिले में चार प्रमुख मार्गों के लिए लगभग 76 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिनमें दुर्ग-धमधा-बेमेतरा अंडर ब्रिज से अग्रसेन चौक, स्मृति नगर से जेवरा सिरसा, मिनी माता चौक से ठगड़ा बांध और बोरसी चौक तक के मार्ग शामिल हैं। रायगढ़ जिले में ढिमरापुर चौक से कोतरा थाना, रायगढ़-कोतरा-नंदेली मार्ग और तमनार बायपास सहित अन्य कार्यों के लिए कुल 330 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी सड़क विस्तार पर जोर दिया गया है। अभनपुर और राजिम में फोरलेन उन्नयन के लिए लगभग 51 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक के मार्ग के लिए 61 करोड़ रुपये और बिलासपुर जिले में कोनी-मोपका बायपास सहित कोटा-लोरमी मार्ग के लिए करीब 97 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जशपुर जिले में तीन महत्वपूर्ण सड़कों और कबीरधाम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के उन्नयन हेतु राशि आवंटित की गई है।
इस महत्वपूर्ण निर्णय पर उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि राज्य में बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि फोरलेन सड़कों का यह विस्तार प्रदेश की आर्थिक प्रगति का आधार बनेगा, जिससे कृषि, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी। अधोसंरचना विकास के इन कार्यों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।



